दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में नकदी चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट की है, जहां से कुल 5.40 लाख रुपये गायब पाए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस चोरी को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उनका पूर्व कर्मचारी निकला।
इस मामले में मनोज तिवारी के लंबे समय से मैनेजर रहे प्रमोद जोगेंदर पांडेय ने अंबोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से हटा दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद पांडेय पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घर के बेडरूम में रखी नकदी में से पहले भी जून 2025 में 4.40 लाख रुपये गायब हुए थे, लेकिन उस समय चोरी करने वाले का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
सीसीटीवी से खुला राज
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसी दौरान 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे, कैमरों में आरोपी को चोरी करते हुए रिकॉर्ड किया गया। फुटेज से पता चला कि उसके पास घर, बेडरूम और अलमारी खोलने की नकली चाबियां थीं, जिनकी मदद से वह बिना किसी रुकावट के अंदर घुस जाता था।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि उसी रात उसने करीब एक लाख रुपये चुराए थे। इसके बाद अंबोली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।