बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बीते दिन उनके नाम का ऐलान किया गया था, जिसके बाद 15 दिसंबर को नितिन नबीन पटना से दिल्ली पहुंचे। पार्टी अध्यक्ष के चयन तक वे यह जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने जेपी नड्डा की जगह कार्यभार संभाला है।
दिल्ली पहुंचने पर हुआ स्वागत
दिल्ली पहुंचने पर नितिन नबीन का जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत पार्टी नेताओं ने उनका अभिनंदन किया। दिल्ली आने से पहले उन्होंने पटना के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
रविशंकर प्रसाद का बयान
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने नितिन नबीन की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि वे एक समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो एक छोटे कार्यकर्ता को इतनी ऊंचाई तक पहुंचने का अवसर देती है। नई जिम्मेदारी मिलने पर नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है और वे इस भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जब एनडीए मिलकर चुनाव लड़ता है, तो कोई चुनौती नहीं रहती।
कौन हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं। महज 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। नितिन नबीन बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके हैं और कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 वर्ष की उम्र में उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जिससे वे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने वाले सबसे कम उम्र के नेताओं में शामिल हो गए हैं।