कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित दो दिवसीय इजरायल यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान इजरायली संसद को संबोधित करते समय गाजा में हजारों निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की मौत का उल्लेख करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे।प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत ने एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपने पूरे इतिहास में सत्य का साथ दिया है और देश को दुनिया के सामने सत्य, शांति और न्याय का संदेश देते रहना चाहिए।
इजरायल यात्रा से पहले पीएम मोदी का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 फरवरी 2026 को इजरायल की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने “प्रिय मित्र” प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर इजरायल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल के बीच मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है, जिसने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है।प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी बातचीत में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार और निवेश सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने पर जोर रहेगा। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
इजरायली संसद को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से भी मुलाकात करेंगे। उन्हें इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित करने का अवसर मिलेगा और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संबोधन दोनों देशों के मजबूत संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों का प्रतीक होगा। इसके अलावा वह इजरायल में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत-इजरायल संबंधों को और मजबूत करेगी तथा रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देगी।