नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र जारी है और यह सत्र हंगामेदार रहा है। इस सत्र में सबसे अधिक चर्चा मनरेगा की जगह लाए गए नए बिल को लेकर हो रही है। गुरुवार को भी संसद में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रदूषण और मनरेगा में हो रहे बदलाव को लेकर अपनी बात रखी।
इस दौरान उन्होंने एक समस्या को उजागर करते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात का समय मांगा। नितिन गडकरी की ओर से तुरंत सकारात्मक जवाब आया और प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद दोनों के बीच मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान गडकरी ने प्रियंका गांधी को चावल से बनी डिश भी परोसी।
केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने लोकसभा में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से चंडीगढ़-शिमला रूट से जुड़े सवाल पूछे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे जून महीने से अपने संसदीय क्षेत्र के कार्यों को लेकर उनसे मुलाकात का समय मांग रही थीं, लेकिन समय नहीं मिल रहा था। इस कारण उन्होंने पुनः निवेदन किया कि उन्हें मुलाकात का समय प्रदान किया जाए।