लोकसभा स्पीकर को लेकर सियासत तेज, किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की चर्चाओं के बीच सियासी माहौल गरमा गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि कई कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
रिजिजू ने कहा कि घटना के समय वह स्वयं वहां मौजूद थे। उनके अनुसार, करीब 20 से 25 कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर के कक्ष में पहुंचे और उन्होंने गाली-गलौच की। उन्होंने कहा कि स्पीकर स्वभाव से बेहद शांत और नरम व्यक्ति हैं, अन्यथा इस मामले में सख्त कार्रवाई हो सकती थी। रिजिजू ने यह भी आरोप लगाया कि उस समय प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे और वे माहौल को शांत करने के बजाय सांसदों को उकसा रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस घटना से स्पीकर ओम बिरला बेहद आहत हैं और उन्होंने स्वयं उनसे बातचीत की है। उन्होंने सदन में बोलने की अनुमति को लेकर उत्पन्न विवाद का भी जिक्र किया। रिजिजू के मुताबिक, स्पीकर द्वारा दी गई रूलिंग का पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें सदन में बोलने के लिए किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं है और वे अपनी मर्जी से बोलेंगे। इस पर रिजिजू ने स्पष्ट किया कि संसदीय परंपराओं के अनुसार, सदन में कोई भी सदस्य चेयर की अनुमति के बिना नहीं बोल सकता। उन्होंने कहा कि यहां तक कि प्रधानमंत्री भी चेयर की अनुमति से ही अपनी बात रखते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद संसद के भीतर सियासी टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस की ओर से अभी तक इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।