लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी सपा व रालोद की ओर से राज्य सभा के संयुक्त प्रत्याशी होंगे। समाजवादी पार्टी ने आज गुरुवार को यह ऐलान किया। इसी के साथ राज्य सभा के तीसरे प्रत्याशी को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए सपा की ओर से बुधवार को कपिल सिब्बल और जावेद अली खान ने नामांकन दाखिल किया था।
अटकलें लगाई जा रही थीं कि तीसरे उम्मीदवार के रूप में सपा अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को उतार सकती है। अब, सपा ने साफ कर दिया है कि जयंत चौधरी तीसरे उम्मीदवार होंगे। बताया जा रहा है कि सपा डिंपल यादव को आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में उतार सकती है।