मुंबई। तेजस ठाकरे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच के बाद उनकी हालत स्थिर है और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। सभी जरूरी टेस्ट पूरे किए जा चुके हैं और बताया जा रहा है कि वह अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। अस्पताल के सूत्रों ने यह भी जानकारी दी है कि उनके पिता उद्धव ठाकरे और माता रश्मि ठाकरे अस्पताल में मौजूद हैं और तेजस के साथ रहकर उनका हालचाल ले रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, तेजस पिछले तीन दिनों से किसी बीमारी का इलाज करा रहे थे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें किस बीमारी के कारण भर्ती कराया गया। बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
तेजस ठाकरे कौन हैं?
तेजस ठाकरे, उद्धव ठाकरे के छोटे बेटे हैं। उन्हें अक्सर शिवसेना के कार्यक्रमों और चुनाव प्रचार के दौरान देखा गया है, लेकिन उन्होंने अब तक औपचारिक रूप से सक्रिय राजनीति में भाग नहीं लिया है।
राजनीति के अलावा तेजस एक प्रसिद्ध वन्यजीव शोधकर्ता और फोटोग्राफर हैं। वन्यजीव संरक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में उनका विशेष योगदान रहा है। तमिलनाडु में एक भारतीय शोध दल ने उनकी खोज को सम्मान देते हुए एक नई छिपकली की प्रजाति का नाम तेजस ठाकरे के नाम पर रखा। यह प्रजाति रात में सक्रिय रहती है और गर्म इलाकों में पाई जाती है।
‘टीटी’ के नाम से मशहूर तेजस ने 2012 में अंबोली क्षेत्र में उभयचर और सरीसृपों की खोज के लिए अपनी पहली फील्ड ट्रिप की थी। उसी दौरान उन्होंने मक्खी की एक नई प्रजाति की खोज की थी, जिसे बाद में ‘शिस्तुरा हिरण्यकेशी’ नाम दिया गया।