पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज सुबह से ही मतदान जारी है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने लोकतंत्र के इस महापर्व पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने सुबह करीब 8 बजे पटना की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 58 पर पहुंचकर मतदान किया।
मतदान करने के बाद ललन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में हर वोट की अहम भूमिका होती है और मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेष रूप से पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचें और अपने मताधिकार का उपयोग करें।
ललन सिंह ने कहा कि मतदान से ही एक मजबूत लोकतंत्र की नींव रखी जाती है और जनता के सहयोग से ही बेहतर सरकार बनती है। उन्होंने कहा, “मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि घर से निकलें, वोट करें और अपने प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए भागीदारी निभाएं।”
केंद्रीय मंत्री के साथ उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बिहार की हॉट सीटों में से एक मानी जाती है। यहां मतदाता सुबह से ही अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि पहले चरण के तहत 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। कुल 3.75 करोड़ मतदाता 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।ललन सिंह ने कहा कि जनता का उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि बिहार में लोकतंत्र के प्रति लोगों का विश्वास पहले से और अधिक मजबूत हुआ है।