धनबाद। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को धनबाद पहुंचेंगे और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के भाई डॉ. बुद्धदेव महतो के श्राद्धकर्म में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय ने इस संबंध में जिला प्रशासन को आधिकारिक पत्र भेजा है, जिसके बाद प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम, ट्रैफिक डीएसपी और सीओ प्रकाश कुमार ने बलियापुर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने हेलिपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट के लिए दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:25 बजे उनका हेलीकॉप्टर बलियापुर हवाई पट्टी पर उतरेगा। इसके बाद 12:35 बजे वे सड़क मार्ग से बड़ादाहा फार्म हाउस के लिए रवाना होंगे, जहां वे शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 1:25 बजे मुख्यमंत्री बलियापुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अलर्ट मोड लागू कर रखा है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।