आइजोल। देश के पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में आज बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां के सैरांग इलाके में एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के गिरने से 17 मजदूरों की मौत हो गई है। घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। हादसे वाली जगह राजधानी आइजोल से करीब 21 किलोमीटर दूर है।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह 10 बजे के करीब हुआ। उस वक्त सभी मजदूर पुल का काम कर रहे थे। कुरुंग नदी पर बैराबी को सैरांग से जोड़ने वाला रेलवे पुल निर्माणाधीन था।
कई श्रमिकों के फंसे होने की आशंका
दुर्घटनास्थल पर कई अन्य श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है, जब दुर्घटना हुई तब लगभग 40 श्रमिक मौजूद थे। पुलिस अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा कि मलबे से अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। कई अन्य अभी भी लापता हैं।
PM ने जताया दुःख, मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, मिजोरम में पुल दुर्घटना से दुखी हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि के रूप में दो दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये देने का एलान किया है।
सीएम जोरमथंगा ने शेयर किया वीडियो
मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने अपने एक्स अकाउंट पर घटनास्थल का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें टूटा पुल दिखाई दे रहा है। सीएम ने लिखा कि घटना से बहुत दुखी और प्रभावित हूं। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।