रिपोर्ट दीपक चौबे वाराणसी
बनारस में संत रविदास की जन्मस्थली में सोमवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया. आग मंदिर के ही पिछले हिस्से में एक कमरे में लगी थी जिसमें भक्त मौजूद थे. सुबह का वक्त होने की वजह से भक्त वहीं पर आराम कर रहे थे. इस दौरान अचानक आग लगने के बाद हड़कंप मच गया. इसके बाद भक्त भागते हुए बाहर निकले और मुख्य मंदिर में आ गए.
काफी देर तक मंदिर के सेवादार आग पर नियंत्रण करने की कोशिश करते रहे. इस दौरान भक्तों ने मुख्य मंदिर के हिस्से में पहुंचकर खुद को सुरक्षित किया. फिलहाल 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि सोमवार सुबह 6:30 बजे मंदिर में आग लगी है. आग की सूचना के बाद तत्काल मौके पर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं. टीमों ने मिलकर पहले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद आग बुझाने की कोशिश शुरू की. लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल किसी तरह के जान माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. सभी लोग सुरक्षित हैं. आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया है. उनका कहना है कि फायर ब्रिगेड की टीम की जांच में प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल सब कुछ नियंत्रण में है।


