कानपुर। दिल्ली-कानपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार (14 मार्च) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से 40 यात्री घायल हो गए।
यह दुर्घटना इस्पात नगर के सामने पुल के ऊपर हुई। जानकारी के अनुसार बस महाराष्ट्र के नासिक से चलकर अयोध्या होते हुए नेपाल जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री सवार थे।
टक्कर इतनी भीषण कि बस के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सड़क पर दूर-दूर तक मलबा फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इमरजेंसी डोर और खिड़कियों के जरिए लोगों को बाहर निकाला गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों को पहले कल्याणपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि थाना पनकी क्षेत्र में नासिक से आ रही एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस चालक की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। मौके पर स्थिति सामान्य है और यातायात भी सुचारू रूप से चल रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।