बक्सर। बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली में बुधवार रात शादी समारोह उस समय खौफनाक मंजर में बदल गया, जब एक सिरफिरे युवक ने एकतरफा प्यार में दुल्हन को गोली मार दी। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
🚨 जंगलराज –
बीती रात बक्सर में वरमाला के समय दुल्हन को स्टेज पर गोली मार दी गई।
अपराधियों में प्रशासन का कोई ख़ौफ़ नहीं है लोग खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं, जहां मन वहां जिसे चाह रहे हैं उसे ठोक दे रहे हैं। pic.twitter.com/Nngq0fQ0Rg
— Pratik Patel (@PratikVoiceObc) February 25, 2026
जानकारी के अनुसार, चौसा के मल्लाह टोली में बारात पहुंच चुकी थी और जयमाला की रस्म की तैयारी चल रही थी। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक एक युवक वहां पहुंचा और दुल्हन को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दुल्हन लहूलुहान होकर मंच पर ही गिर पड़ी। अचानक हुई इस वारदात से शादी में शामिल बारातियों और घरातियों में भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक दुल्हन से एकतरफा प्रेम करता था और शादी से नाराज चल रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन घटना के बाद वह फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना के तुरंत बाद घायल दुल्हन को परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गोली चलने के बाद की अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।