राजस्थान। राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच 11बी पर सुनीपुर गांव के पास रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. स्लीपर कोच बस ने एक टेंपो को टक्कर मार दी, जिसमें आठ बच्चों समेत 11 लोगों की जान चली गई. घटना के अनुसार, बाड़ी शहर की करीम कॉलोनी के गुमट मोहल्ला निवासी नहनू पुत्र गफूर खान, सरमथुरा थाना क्षेत्र के गांव बरौली में अपने परिवार के साथ एक भात कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. शनिवार की रात परिवार के सभी सदस्य टेंपो में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रही स्लीपर कोच बस ने सुनीपुर गांव के पास सामने से जोरदार टक्कर मार दी.
इस हादसे में टेंपो पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया है. सड़क पर वाहन के पुर्जे बिखरे दिखाई दिए. गाड़ी के शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे पड़े थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के पीछे बैठे लोग वाहन में ही फंसे रहे. टक्कर के बाद टेंपो में बैठे कुछ लोग सड़क पर आकर गिर गए. यह हादसा शनिवार रात साढ़े 11 बजे के करीब हुआ है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजन को सूचना भेज दी गई है. वे धौलपुर आ रहे हैं. क्षतिग्रस्त टेंपो को पुलिस ने सड़क से किनारे हटवा लिया है.
हादसे की सूचना मिलते ही उप जिला कलेक्टर दुर्गा प्रसाद मीणा, सर्किल ऑफिसर महेन्द्र कुमार मीणा, बाड़ी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.