रिपोर्ट, अजय – बहराइच
बहराइच। जिले से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। बहराइच-गोंडा रोड पर बेरिया ख़लीलपुर के पास एक तेज़ रफ़्तार डिज़ायर कार अनियंत्रित होकर रोडवेज बस के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि सभी घायल युवक नानपारा कस्बे के निवासी हैं और बलरामपुर जनपद में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। हादसे में डिज़ायर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।