बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा झटका लगा है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में शामिल हुए भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने जन सुराज की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी। रितेश पांडेय ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक के रूप में उन्होंने जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया। चुनाव परिणाम उनके अनुकूल नहीं रहे, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है क्योंकि उन्होंने अपना दायित्व ईमानदारी से निभाया।
उन्होंने आगे कहा कि अब वह उसी माध्यम से जनता की सेवा जारी रखना चाहते हैं, जिससे उन्हें पहचान और सम्मान मिला। उनका कहना है कि किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य रहते हुए उस दिशा में काम करना कठिन हो जाता है, इसलिए उन्होंने जन सुराज पार्टी से अलग होने का फैसला लिया है। उन्होंने कम शब्दों में अपनी बात रखने की कोशिश करते हुए उम्मीद जताई कि लोग उनके फैसले को समझेंगे।
गौरतलब है कि रितेश पांडेय ने रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव से पहले वह प्रशांत किशोर के साथ कई राजनीतिक कार्यक्रमों में नजर आए थे। हालांकि चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। करगहर सीट पर रितेश पांडेय को 16,298 वोट मिले। इस सीट से जेडीयू प्रत्याशी वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि बसपा उम्मीदवार उदय प्रताप सिंह को 56,809 वोट मिले। चुनावी हार के बाद अब रितेश पांडेय का जन सुराज से इस्तीफा पार्टी के लिए एक राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।