देश के कई हिस्सों में मकर संक्रांति का पर्व आज 15 जनवरी को भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष मकर संक्रांति की तिथि दो दिन पड़ने के कारण श्रद्धालु आज भी पवित्र नदियों में स्नान और दान-पुण्य के लिए बड़ी संख्या में तीर्थ स्थलों पर पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और गोरखपुर में विशेष धार्मिक उल्लास देखने को मिला प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर माघ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कल्पवासी, साधु-संत और नागा सन्यासी संगम तट पर पुण्य स्नान कर रहे हैं। सुबह से ही संगम घाटों पर भारी भीड़ देखी गई और अब तक लाखों लोग पवित्र स्नान कर चुके हैं।
वहीं गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में महायोगी गुरु गोरखनाथ को विधि-विधान से खिचड़ी अर्पित की। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में उन्होंने लोक कल्याण, सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी भोग अर्पित करने के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
खिचड़ी अर्पण के बाद मुख्यमंत्री योगी ने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज और दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उन्हें प्रातःकाल बाबा गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, यह उनके लिए अत्यंत भावुक और पुण्य का क्षण है।गोरखपुर के प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति पर लगने वाले खिचड़ी मेले में लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं। प्रदेश के साथ-साथ बिहार, दिल्ली, नेपाल और देश के अन्य हिस्सों से भक्त बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी अर्पित करने पहुंच रहे हैं।
प्रयागराज माघ मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसपी माघ मेला नीरज पांडे ने बताया कि मकर संक्रांति के पहले दिन करीब 85 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था और आज भी सुबह से भारी भीड़ बनी हुई है। कोहरे को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सतत निगरानी की जा रही है, ताकि कोई श्रद्धालु रास्ता न भटके। मेला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं को मजबूत किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्वक संगम स्नान और धार्मिक अनुष्ठान कर सकें।