नोएडा (यूपी)। नोएडा के सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में एक महिला से गाली-गलौज और हाथापाई करने के आरोपी कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी के साथ तीन और लोगों को पकड़ा गया है। यूपी पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार मंगलवार सुबह वह पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की एक और कार बरामद की है जिस पर विधानसभा का स्टीकर लगा हुआ है। इस गाड़ी पर बीजेपी का झंडा भी लगा है।
पुलिस के मुताबिक यह कार याकूबपुर से बरामद की है। पुलिस का कहना है कि श्रीकांत त्यागी इसी कार में बैठकर फरार हुआ था और इस कार को छोड़कर वह आगे निकल गया था।
बता दें कि ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का बीते शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमकाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। नोएडा पुलिस ने उसपर 25000 रुपये का इनाम भी रखा था।