चंडीगढ़। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमुल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी के बंगाल में अकेले चुनाव के एलान के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कांग्रेस के साथ गठबंधन न करने का संकेत दे दिया है।
सीएम भगवंत मान ने कांग्रेस से गठबंधन की अटकलों को दरकिनार कर पंजाब में सभी 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की बात कही है। कांग्रेस और आप के बीच राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन हो चुका है। इसके अलावा गुजरात और दिल्ली में भी सीटों पर सहमति बन गई है। पंजाब में आप की बड़े बहुमत वाली सरकार है। यहां लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति नहीं बन रही है।
ऐसे में पंजाब आप ने भी प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने का बयान दिया था। ये बयान उस समय सामने आया था जब दिल्ली में कांग्रेस और आप आलाकमान के बीच पंजाब को लेकर सहमति नहीं बन सकी थी।
पंजाब कांग्रेस भी ज्यादा चाहवान नहीं
वहीं पंजाब कांग्रेस भी आप के साथ गठबंधन को लेकर सहज नहीं है। पार्टी ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में वार रूम और राज्यस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है, जो राज्यभर में बूथ लेवल तक के नेताओं से सीधे तालमेल बनाकर हलकावार चुनाव रणनीति तैयार करेगी।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस ने 13 हलकों में लोकसभा को-ऑर्डिनेटरों की तैनाती कर दी थी, जिन्हें लोकसभा हलका स्तर पर स्थानीय नेताओं और वर्करों के साथ समन्वय कायम करने का जिम्मा सौंपा गया है।
ममता का एलान
गौरतलब है पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी दलो के I.N.D.I. गठबंधन से बाहर होने के संकेत देते हुए लोकसभा चुनाव-2024 में राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
ममता बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस के साथ संवादहीनता जैसे हालात पैदा होने की बात कही और साफ किया कि पश्चिम बंगाल में वे भाजपा को अकेले हराने में सक्षम हैं।