गोवा के बिर्च नाइट क्लब हादसे के एक दिन बाद शुक्रवार को भुवनेश्वर के सत्य विहार इलाके में स्थित एक नाइटक्लब में भीषण आग लग गई। आग लगते ही क्लब से धुएं का घना गुबार उठने लगा, जिसके बाद दमकल दल तुरंत मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गया। घनी आबादी वाले क्षेत्र को देखते हुए फायर फाइटर्स आस-पास की इमारतों को आग से बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह का पता नहीं चला है। प्रारंभिक जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट या क्लब के किचन में तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
गोवा नाइट क्लब मामले में ताज़ा स्थिति
उधर, गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन रेस्टोरेंट-कम-क्लब में 6–7 दिसंबर की रात लगी भीषण आग मामले में दिल्ली की रोहिणी जिला अदालत ने क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा की ट्रांजिट एंटीसिपेटरी बेल याचिका गुरुवार को खारिज कर दी।
लूथरा ब्रदर्स का कहना था कि वे काम के सिलसिले में थाईलैंड गए थे और भारत लौटते ही गिरफ्तारी की आशंका है, इसलिए उन्हें 4 सप्ताह की ट्रांजिट अग्रिम जमानत दी जाए और जांच पूरी होने तक पुलिस हिरासत से सुरक्षा प्रदान की जाए। कोर्ट ने उनकी दलीलों को अस्वीकार करते हुए किसी भी तरह की राहत देने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों भाइयों को थाईलैंड में हिरासत में लिया गया है और अब उनके भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।