लखनऊ। उप्र के बीते विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन को मिली हार के बाद से ही लगातार अखिलेश यादव पर जुबानी तीर चला रहे सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर को अखिलेश यादव ने नई सलाह दी है। अखिलेश ने कहा है कि ओपी राजभर के अंदर किसी और की आत्मा घुस गई है। राजभर को झाड-फूंक करानी चाहिए।
पिछले दिनों सपा ने राजभर से साफ़ शब्दों में गठबंधन तोड़कर जाने को कहा था। सपा ने बाकायदा बयान जारी कर कहा था कि अगर उन्हें लगता है कि कहीं और ज्यादा सम्मान मिलेगा तो उन्हें वहां चले जाना चाहिए। सपा ने राजभर के नाम चिट्ठी जारी करते हुए लिखा था- ‘ओम प्रकाश राजभर जी, सपा लगातार भाजपा के खिलाफ लड़ रही है। आपका भाजपा के साथ गठजोड़ है और लगातार भाजपा को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। अगर आपको लगता है, कहीं ज्यादा सम्मान मिलेगा तो वहां जाने के लिए आप स्वतंत्र हैं।’
इस चिट्ठी को लेकर राजभर ने कहा था- हमें तलाक मंजूर है। इस बारे में राजभर के बेटे ने भी कहा था कि धन्यवाद है समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव जी को धन्यवाद है… फिर मिलेंगे चलते चलते। सपा से बात बिगड़ने के बाद राजभर ने दलितों और पिछड़ों का मुद्दा उठाते हुए बसपा से नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने मायावती और बसपा की तारीफ भी की लेकिन बसपा की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
मायावती के भतीजे और बसपा के नेशनल कॉर्डिनेटर आकाश आनंद ने इशारों में राजभर पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया- यूपी की पूर्व सीएम मायावती के शासन, प्रशासन, अनुशासन की पूरी दुनिया तारीफ करती है। कुछ अवसरवादी लोग बहनजी के नाम के सहारे अपनी राजनीतिक दुकान चलाने की कोशिश करते हैं। ऐसे स्वार्थी लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।