सीतापुर। सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक आजम खां 812 दिन बाद आज शुक्रवार को सीतापुर जिला जेल से रिहा हो गए। सुप्रीम कोर्ट से गुरुवार को अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खां की रिहाई का आदेश देर रात सीतापुर जिला जेल प्रशासन को मिला और आज सुबह 8:06 बजे वह जेल से बाहर आ गए।
आजम खां की रिहाई की खबर पर उनके समर्थक सुबह पांच बजे से ही जेल गेट के पास जुटने लगे थे। आजम खां के बड़े बेटे अदीब आजम सबसे पहले जेल पहुंचे। इसके बाद उनके विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम खां के साथ सपा विधायक आशु मालिक भी सीतापुर जेल पहुंच गए।
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव भी सुबह ही सीतापुर जेल पहुंचे। आजम खां की रिहाई को लेकर जेल गेट पर कई थानों की पुलिस लगाई गई।
आजम खां की रिहाई को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखा। शहर के सभी इंट्री प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी आने जाने वाली सभी गाडिय़ों की जांच करते दिखे। जेल रोड पर कई थानों की पुलिस लगी थी।
पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के घर रुके
जेल से रिहा होने के बाद आजम खां महोली के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के आवास पर पहुंचे। यहां करीब आधा घंटे रुकने के बाद वह रामपुर के लिए रवाना हो गए।
फरवरी 2020 से जेल में बंद थे आजम खां
रामपुर में विभिन्न मामलों में आरोपित आजम खां 27 फरवरी 2020 से सीतापुर जेल में बंद थे। उनके साथ उनकी पत्नी डा तजीन फात्मा तथा छोटे पुत्र अब्दुल्ला आजम भी सीतापुर जेल में थे।
करीब 10 माह बाद पत्नी तजीन फात्मा को जमानत मिल गई थी। अब्दुल्ला आजम 15 जनवरी 2022 को रिहा हुए थे। करीब 27 महीने बाद आज आजम खां रिहा हो गए।