कानपुर। आईआईटी कानपुर के 2020 बैच के बीटेक छात्र जय सिंह मीणा (26) का सोमवार दोपहर कैंपस स्थित अपने कमरे में निधन हो गया। वह अजमेर, राजस्थान के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने कमरे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल निधन के कारणों को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। आईआईटी कानपुर प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी। संस्थान के उपनिदेशक प्रोफेसर बृजभूषण ने बताया कि छात्र के दोस्तों से भी बातचीत की जा रही है और इस कठिन समय में संस्थान परिजनों के साथ खड़ा है।