आरा। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की करीबी विधायक किरण देवी पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने शिकंजा कसा है। बिहार के भोजपुर के संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक किरण देवी और उनके पति अरुण यादव के आवास पर सीबीआई की टीम छापामारी कर रही है।
बता दें कि किरण देवी के पति अरुण यादव भी विधायक रह चुके हैं। अरुण यादव भोजपुर के बड़े बालू कारोबारी भी हैं। आरा से लेकर पटना तक उनका कारोबार फैला है। नाबालिग से रेप के आरोप में अरुण यादव के जेल में रहने के कारण पिछले चुनाव में संदेश विधानसभा क्षेत्र से उनकी पत्नी किरण देवी को राजद ने टिकट दिया था।
परिवार के अन्य सदस्य भी आवास पर मौजूद
सीबीआई की टीम आज मंगलवार सुबह से राजद विधायक किरण देवी के गड़हनी थाना अंतर्गत अगिआंव स्थित आवास पर तलाशी ले रही है। सुबह छह बजे से छापामारी जारी है। सीबीआई किस मामले में कार्रवाई कर रही है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आवास पर विधायक और पूर्व विधायक समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं।
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में जेल गए विधायक के पति
उल्लेखनीय है कि किरण देवी के पति और पूर्व विधायक अरूण यादव पर साल 2019 में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा था। पोक्सो के विशेष लोक अभियोजक ने बताया कि 19 जुलाई 2019 को नगर थाना अंतर्गत कबीरगंज निवासी युवक के बयान पर अरुण समेत दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी कराई गई थी। तीन साल बाद 16 जुलाई 2022 को पूर्व विधायक अरुण यादव ने कोर्ट में समर्पण किया था।
पिछले साल 12 दिसंबर 2022 को कोर्ट से उन्हें राहत मिली थी। सत्र न्यायाधीश अजय शर्मा ने साक्ष्य के अभाव में पूर्व राजद विधायक को बरी कर दिया था।