पटना। बिहार विधानसभा में मोबाइल के इस्तेमाल पर गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क उठे. नीतीश कुमार ने मोबाइल के इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए विधायकों से सदन में मोबाइल फोन का इस्तेमाल ना करने की बात कही. सीएम ने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि सदन में मोबाइल फ़ोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जाए.
क्या है पूरा मामला
यह वाकया उस समय हुआ जब बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान आरजेडी विधायक सवाल पूछ रहे थे. बिहार के जहानाबाद से आरजेडी के विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सवाल पूछना था.आसन से जब नाम लिया गया, सुदय यादव प्रश्न पूछने के लिए खड़े हुए. सुदय यादव ने अपना मोबाइल फोन निकाला और सवाल पढ़ना शुरू कर दिया. सुदय का सवाल खाद्य एवं उपभोक्ता मामले विभाग से संबंधित था.
आरजेडी विधायक के प्रश्न का संबंधित विभाग की मंत्री लेसी सिंह सदन में जवाब दे रही थीं कि अचानक सीएम नीतीश कुमार अपनी सीट पर उठ खड़े हुए और कही बात मोबाइल पर बात कर रहा है… यह कोई बात नहीं है. अध्यक्ष जी आप कहिए कोई मोबाइल लेकर नहीं आए. 10 साल नहीं उसके पहले धरती खत्म हो जाएगी. पहले हम खूब देखते थे, अब हम छोड़ दिए. मोबाइल प्रतिबंधित है. कोई मोबाइल लेकर आएगा उनको बाहर निकाल दिया जाएगा। अपनी बात बोलिए मोबाइल लेकर क्यों खड़े हो जाते हैं.