पटना। बिहार सरकार के जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने शुक्रवार को बेगूसराय जिले के सिमरिया में राजकीय कल्पवास मेले में प्रशासन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बोट से भ्रमण कर गंगा नदी के बढ़े जलस्तर एवं घाटों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मेला क्षेत्र में गंगा नदी का पानी आने और रास्ते में कीचड़ होने से लोगों को हो रही दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए दो दिनों के अंदर पानी की निकासी की व्यवस्था करने और रास्ते को ठीक करने के निर्देश दिये।
मेला परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए संजय कुमार झा ने कहा कि सिमरिया मिथिला वासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि कल्पवास मेला में गंगा का पानी घुसने की सूचना मिलने पर वे जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों की टीम के साथ सिमरिया आए हैं, ताकि कल्पवासियों की समस्याओं का त्वरित निदान कराया जा सके और कल्पवास मेला सुचारू रूप से संपन्न हो सके। जल संसाधन मंत्री ने गुप्ता-लखमिनिया बांध का स्थल निरीक्षण किया।
संजय कुमार झा ने कहा कि एनटीपीसी से लेकर खोरमपुर ढाला तक करीब 10 किलोमीटर लंबाई में गुप्ता-लखमिनिया बांध का उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा तथा इसे रिंग बांध के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। इससे मटिहानी विधानसभा क्षेत्र की 10 पंचायतों की लाखो की आबादी को बाढ़ से स्थाई सुरक्षा मिलेगी। मंत्री ने गुप्ता-लखमिनिया बांध को बेगूसराय की सुरक्षा के लिए रिंग बांध बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। बाइट : संजय कुमार झा , मंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क तथा जलसंसाधन, बिहार सरकार