लखनऊ। समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उनके नेताओं के पास अब कहने को कुछ बचा नहीं है। स्वामी प्रसाद मौर्य सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए अनर्गल बयानबाजी करते हैं। यह कहना है सूबे के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का।
वे सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जीपीओ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि महात्मा गांधी हम सभी के प्रेरणास्त्रोत हैं। हम लोग उनके बताए रास्ते पर चल रहे हैं।
आज उप्र विकास पथ पर सरपट दौड़ रहा है। गेहूं, दूध और चीनी के उत्पादन में हम देश में अव्वल नंबर पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में प्रदेश नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्या के पास अब कहने को कुछ बचा नहीं है। सपा कार्यकारिणी में उन्हें मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पार्टी की नीति और रीति को दर्शाने के लिए काफी है। सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उनका उद्देश्य सिर्फ मीडिया में उपस्थित दर्ज कराना है। धरातल पर उतर कर अब उनसे काम नहीं होता।
हताश और निराश हैं सपा के सभी नेता
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी लोग हताश और निशान हैं। जनता ने उन्हें बुरी तरह से नकार दिया है। यह लोग समाज को बांट कर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं। सपा सिर्फ वैमनयस्ता फैलाने का काम करती है। भाजपा हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। सपा तुष्टिकरण की राजनीति करती है। जब भी सत्ता में रही गुंडे, माफिया, मवालियों को सरक्षण प्राप्त हुआ। आज उप्र में कानून का राज है।