रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए एलान किया है कि वह जल्द ही चरण पादुका वितरण योजना और सरस्वती सायकल योजना को फिर से शुरू करेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जगदलपुर के कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय महिला सम्मेलन के दौरान की।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम के दौरान रिमोट का बटन दबाकर महतारी वंदन योजना की 6वीं किश्त की राशि 70 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की। इस अवसर पर उन्होंने जगदलपुर विधायक किरण देव की मांग पर शहर में लंबे समय से अधूरे पड़े उच्च स्तरीय ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि भी मंजूर की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गरीबों के कल्याण और विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। केंद्र सरकार की योजनाओं की तर्ज पर राज्य सरकार भी सभी वर्गों के विकास के लिए योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट की पहली बैठक में 18 लाख से अधिक आवासहीन परिवारों को पक्का मकान देने की स्वीकृति दी गई थी।