रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी रेट पर धान की खरीदी आज शुरू हो गई है। खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद सरकारी समिति केंद्र में मां अन्नपूर्णा की पूजा कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इसके साथ ही मंत्री भगत ने प्रदेश के किसानों को शुभकामनाएं भी दी हैं। प्रदेश में धान खरीदी शुरू होते ही प्रदेश के किसानों में काफी उत्साह है। इस बार सरकार ने धान खरीदी को लेकर 1 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है।
इस बार प्रदेश के 24 लाख से ज्यादा किसानों ने धान खरीदी को लेकर पंजीयन भी करवाया है। इस साल लगभग एक लाख से ज्यादा नए किसान धान खरीदी में अपनी भागीदारी देने जा रहे हैं। सरकार ने धान खरीदी को लेकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की है। दूसरे प्रदेश से अवैध धान छत्तीसगढ़ नही आए उसको लेकर छत्तीसगढ़ के सभी बॉर्डर में सघन चेकिंग अभियान शुरु किया गया है। वहीं इस बार 4 लाख से ज्यादा बारदानों की व्यवस्था सरकार ने कर रखी है। धान खरीदी केंद्र में इसी प्रकार से अव्यवस्था नहीं हो इसके लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।