बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर में मतदान किया। उन्होंने बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 287, मंजू सिन्हा परियोजना बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर अपना वोट डाला। इस दौरान मुख्यमंत्री शांत और आत्मविश्वास से भरे नजर आए।
मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने मतदान केंद्र के बाहर आकर अपनी सेल्फी भी खिंचवाई, जो वहां मौजूद मतदाताओं और समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बन गई। मुख्यमंत्री के मतदान स्थल पहुंचने से पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
वोट डालने के बाद जब मीडिया कर्मियों ने मुख्यमंत्री से बातचीत करने की कोशिश की, तो उन्होंने कोई बयान देने से इनकार कर दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर पत्रकारों का अभिवादन किया और सीधे अपने आवास के लिए रवाना हो गए।नीतीश कुमार के मतदान से पहले ही बख्तियारपुर विधानसभा में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। क्षेत्र के मतदाता अपने नेता के मतदान को लेकर उत्साहित थे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। राज्य भर में सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।