पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि इस वर्ष आई भीषण बाढ़ के बाद घोषित 1600 करोड़ रुपये के विशेष बाढ़ राहत पैकेज से केंद्र सरकार ने अब तक एक पैसा भी जारी नहीं किया है।चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए मान ने कहा कि राज्य में भाजपा नेता लोगों को यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि फंड राज्य को ट्रांसफर किया जा चुका है।
केंद्र का पलटवार—‘AAP फैला रही भ्रामक जानकारी’
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर “गंदी राजनीति” कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुआवजा केंद्र सरकार के अनुदान से ही दिया गया है, और राज्य सरकार के विज्ञापनों में भी इसका उल्लेख है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री “झूठे दावे” करते आ रहे हैं।
‘SDRF का नियमित पैसा, विशेष पैकेज नहीं’—CM मान
मान ने कहा कि पंजाब को अब तक जो राशि मिली है, वह राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) जैसी नियमित केंद्रीय योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली सामान्य किस्तें हैं, जो बाढ़ न आने पर भी मिलतीं। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा जिन फंडों को विशेष पैकेज बता रही है, उनमें से एक रुपये की भी अदायगी नहीं हुई है।