लखनऊ। उप्र के प्रयागराज जनपद में कल शुक्रवार को शहर पश्चिम के बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह अधिवक्ता कृष्ण कुमार पाल उर्फ उमेश पाल की हत्या की गूँज आज विधानसभा में भी सुनाई दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमलावर होते हुए कहा कि उमेश पाल हत्याकांड में परिवार ने जिस अतीक अहमद पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है वो सपा सरकार में फला फूला।
अखिलेश यादव ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा आप बहुजन समाज पार्टी से मिले हुए हैं। इस लिए बसपा का नाम नहीं ले रहे हैं। अखिलेश ने यह भी कहा कि योगी राज में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरेराह हत्या की जा रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा भाजपा सरकार में ऐसे माफियों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। इस पर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरु कर दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उमेश पाल हत्याकांड के एक भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि उमेश की हत्या मामले में उनकी पत्नी जया पाल ने अहमदाबाद जेल में बंद माफिया अतीक अहमद, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन, बरेली जेल में बंद भाई पूर्व विधायक अशरफ, अतीक के बेटों, मोहम्मद मुस्लिम और अतीक के अन्य सहयोगियों के खिलाफ साजिश, हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में धूमनगंज थाने में एफआइआर लिखाई है।
गौरतलब है कि शहर पश्चिम के बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह अधिवक्ता कृष्ण कुमार पाल उर्फ उमेश पाल की कल शुक्रवार को उनके घर के समीप ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उनके एक गनर की भी मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। हमला उस समय हुआ, जब उमेश सुलेमसराय में अपने घर के पास कार से उतरे थे।