नोएडा। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। यहां के नोएडा स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने 48 वर्ष पहले लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया था। इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी।
विपक्षी एकता की कवायद पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा आज जेपी और लोहिया के नाम पर राजनीति करने वाले लोग कांग्रेस के साथ मिलकर लोकतंत्र को बचाने की बात कह रहे हैं, जबकि जेपी और लोहिया ने लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस से लड़ाई थी। हमने बेहतर कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश को पेट्रोलिंग के लिए वाहन दिए। आज कानून व्यवस्था बेहतर होने से लोग नोएडा में निवेश के लिए विदेश से आना चाहते हैं। जैसे उप्र में माफिया ठंडे हो गए उसी तरह से मौसम ठंडा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में प्रदेश में जी 20 की बैठक हो रहीं हैं। आज पाकिस्तान एक-एक रोटी के लिए मोहताज है, जबकि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। हमने प्रदेश को छह वर्ष में एक नई पहचान देने का काम किया है।
कोरोना काल में अद्भुद रहा योगी सरकार का काम
नोएडा के सांसद महेश शर्मा ने कहा- कोरोना काल में योगी सरकार का काम अद्भुद रहा। देश का सौभाग्य है कि प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ है और देश के पीएम नरेंद्र मोदी है। 2014 से पहले लोग निवेश के नाम पर कतराते थे। योगी सरकार ने कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश को नई पहचान दी है। बारिश के बावजूद नोएडा के लोगों का सभा में उपस्थित होना ये बताता है की प्रदेश की जनता लोगों को कितना स्नेह करती है।