भोपाल। मध्यप्रदेश के 19 नगरीय निकायों की मतगणना पूरी कर ली गई है। बीजेपी ने 10 जबकि कांग्रेस ने सात निकायों में जीत हासिल की। दो नगरीय निकायों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं है। नगरीय निकाय के 343 वॉर्डों में से भाजपा ने 183 वॉर्डों में भाजपा और 143 वॉर्डों में कांग्रेस ने जीत हासिल की।
राघौगढ़-विजयपुर नगर पालिका परिषद के चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गए थे। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह के विधानसभा क्षेत्र में आने वाली इस सीट पर कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की। हालांकि, भाजपा ने आठ सीटें जीतकर अच्छा संघर्ष किया।
अनूपपुर जिले में नगर परिषद जैतहरी और बड़वानी जिले के पलसूद नगर परिषद में कोई भी पार्टी स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर सकी।
जैतहरी में 15 में से सात सीटें जीतकर भाजपा बड़ी पार्टी बनकर उभरी। यहां कांग्रेस ने छह और अन्य ने दो सीटें जीती।
इसी तरह पलसूद नगर परिषद में कांग्रेस ने सात सीटें जीती, जबकि भाजपा और अन्य के खाते में 4-4 सीटें गई हैं।
धार जिले के मनावर में भाजपा के नौ और कांग्रेस के छह पार्षद जीते। कुक्षी, धरमपुरी, सरदापुर, राजगढ़, धामनोद, पीथमपुर में कांग्रेस की परिषद बनी।