देहरादून| देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कालसी क्षेत्र के क्वानू के पास सुदोई खड्ड के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में 35 से 36 यात्री सवार बताए जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं 11 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए विकासनगर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीमें पोस्ट चकराता, त्यूणी और डाकपत्थर से मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीमों द्वारा खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। रास्ते में क्वानू के पास बस चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भयावह हादसा हो गया।
इस दुर्घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी से बात कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि नजदीकी सभी चिकित्सा केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा जाए। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से सभी यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।