नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका इलाके में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले 23 वर्षीय साहिल धनेश्रा की मां का दर्द उस समय और गहरा हो गया, जब हादसे के आरोपी नाबालिग के पिता ने उनसे मुलाकात कर माफी मांगी। साहिल की मां इन्ना माकन ने कहा कि उनका “सबकुछ उजड़ गया” और अब किसी माफी का कोई अर्थ नहीं रह गया है।
मंगलवार को आरोपी के पिता ने घटना पर दुख जताते हुए इसे “एक गलती” बताया और कहा कि उन्हें बेहद अफसोस है। उन्होंने कहा, “मैं भी एक माता-पिता हूं, इस दुखद हादसे का हमें बहुत पछतावा है।”
हालांकि, साहिल की मां ने माफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “मेरी पूरी दुनिया खत्म हो गई, अब किस बात की माफी? क्या माफी इसलिए मांगी जा रही है क्योंकि मामला मीडिया में आ गया है?” उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी पक्ष अब अपनी लापरवाही को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इससे उनका बेटा वापस नहीं आएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यही हादसा आरोपी के परिवार के साथ हुआ होता, तो क्या वे माफी स्वीकार कर पाते। “उनकी माफी से मेरी जिंदगी सामान्य नहीं हो सकती,” उन्होंने कहा।
गौरतलब है कि 3 फरवरी को साहिल बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। वह बीबीए फाइनल ईयर के छात्र थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।