दिल्ली के पॉश इलाके ईस्ट ऑफ कैलाश में मंगलवार तड़के हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 1 लाख के इनामी अपराधी भीम जोरा को मुठभेड़ में मार गिराया गया। भीम जोरा पर दिल्ली के एक डॉक्टर की हत्या और गुरुग्राम में भाजपा नेत्री ममता भारद्वाज के घर में 22 लाख रुपये की चोरी का गंभीर आरोप था।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिस टीमों ने साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में उसे घेर लिया। पुलिस को देखते ही भीम और उसका एक साथी फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर खोला, जिसमें भीम जोरा को गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मुठभेड़ के दौरान गुरुग्राम क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा बाल-बाल बच गए। उन्होंने बताया कि भीम महाबहादुर जोरा, पुत्र महाबहादुर जोरा, मूल रूप से नेपाल का निवासी था और भारत में डकैती, हत्या और चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका था।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को भीम और उसका साथी युवराज थापा ने गुरुग्राम के सेक्टर-49 की ओर्किड पेटल सोसाइटी में भाजपा महरौली जिला उपाध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर से लगभग 20 लाख रुपये की चोरी की थी। इससे पहले जुलाई 2025 में सिविल लाइंस क्षेत्र में भी 3.5 लाख रुपये की चोरी की वारदात में उसका नाम सामने आया था।
मई 2024 में भीम जोरा ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर नई दिल्ली के जंगपुरा इलाके में डॉक्टर योगेश चंद्र पॉल के घर डकैती डाली थी। वारदात के दौरान उन्होंने डॉक्टर की रसोई में जाकर हत्या कर दी थी और फिर लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि भीम जोरा फरार चल रहा था।
डॉक्टर की हत्या के बाद दिल्ली पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। अब पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।