शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल से हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस संबंध में मुख्य सचिव की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। नई तैनाती के साथ कई अधिकारियों को अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेशों के अनुसार, सेक्रेटरी (डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस) आशीष सिंहमार अब मुख्यमंत्री (II), शिमला के सेक्रेटरी का दायित्व भी संभालेंगे। इसके साथ ही वे डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस, सामान्य प्रशासन विभाग (SAD), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता (SWD), संसदीय कार्य, वित्त, योजना और सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट विभागों का कार्य देखेंगे। उन्हें सेक्रेटरी (SAD, SWD और पार्लियामेंट्री अफेयर्स) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, आईएएस राकेश कंवर को इन विभागों के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
मैनेजिंग डायरेक्टर, एचपीएमसी शिमला अरिंदम चौधरी, जो एच.पी. एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, एच.पी. एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड और जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एमडी का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे, उन्हें अब डायरेक्टर (पर्सनेल एंड फाइनेंस), एचपीएसईबीएल शिमला नियुक्त किया गया है। निदेशक बागवानी विनय सिंह को मैनेजिंग डायरेक्टर, एचपीएमसी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वे एच.पी. एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड और एच.पी. एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड के एमडी का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
उधर, कुल्लू की डीसी तोरुल एस. रवीश को मैनेजिंग डायरेक्टर, एच.पी. स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन नियुक्त किया गया है। साथ ही वे जनरल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त कार्यभार भी देखेंगी। वहीं, डायरेक्टर (पर्सनेल एंड फाइनेंस), एचपीएसईबीएल अनुराग चंद्र शर्मा, जो एच.पी. स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एमडी का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे थे, अब कुल्लू के नए उपायुक्त होंगे।