अयोध्या जिले के मिल्कीपुर चतुर्थ से पूर्व जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी संजय सिंह पर शुक्रवार रात मिल्कीपुर बाजार में जानलेवा हमला हुआ। घटना करीब 10 बजे तब हुई जब संजय सिंह प्रीतिभोज में शामिल होने के बाद अपनी स्कॉर्पियो में बैठ रहे थे। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चलाई। उन्हें दो गोलियां लगीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल संजय सिंह को तत्काल राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
संजय सिंह मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ईंट गांव के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार घटना से पहले दो युवक बाजार में घूमते नजर आए थे। उनके चालक ने इसे संजय सिंह को बताया था, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना इनायत नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। तीसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।