लखनऊ। उप्र निकाय चुनाव की तैयारियों की बीच बहुजन समाज पार्टी ने अपने दो नेताओं को निष्कासित कर दिया है। बस्ती जनपद के निवासी पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह तथा उनके भाई बृजकिशोर सिंह ‘डिम्पल’ को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बताया यह जा रहा है कि दोनों यूपी में आए महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे से मिले थे और यही बात बसपा सुप्रीमो मायावती को नागवार गुजरी।
राजकिशोर सिंह बस्ती के जाने माने नेता हैं। तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत बसपा से ही की थी। उसके बाद सपा में शामिल हुए और कैबिनेट मंत्री बने। उनके भाई बृजकिशोर डिंपल भी राजनीति में सक्रिय हैं। उन्हें भी सपा सरकार में उर्जा सलाहकार (दर्जा प्राप्त मंत्री) बनाया गया था। बाद में दोनों कांग्रेस में चले गए।
वर्ष 2020 में वह फिर से बसपा में शामिल हो गए थे। बस्ती के बसपा जिला अध्यक्ष जयहिंद गौतम ने पत्र जारी करते हुए दोनों के ही बसपा से निष्कासन की बात कही। चिट्ठी में लिखा है कि दोनों को अनुशासहीनता करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
बताया जा रहा है कि रविवार को महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे अयोध्या आए थे। इन दोनों नेताओं ने अयोध्या में एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। हालांकि दोनों को ही भाजपा के संपर्क में बताया जा रहा है।