नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में बुधवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। चंदन पार्क स्थित एक मकान से एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियों के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई।
पुलिस को घटना की सूचना स्थानीय लोगों से मिली। मौके पर पहुंची टीम ने घर के अंदर खून से सना कमरा देखा, जहां चारों शव पड़े थे। दृश्य इतना भयावह था कि जांच अधिकारियों को भी झकझोर कर रख दिया। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस को महिला के पति पर संदेह है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
फॉरेंसिक जांच जारी
मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से उंगलियों के निशान, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और हत्या के तरीके को लेकर अधिक स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।
पड़ोसियों से पूछताछ
पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस सामूहिक हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है। स्थानीय लोग इस वारदात को लेकर स्तब्ध हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।