अहमदाबाद। बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के आज आखिरी दिन 2024 लोकसभा चुनाव में भी विधानसभा चुनावो की तरह रिकॉर्ड जीत का खाका तैयार कर लिया गया है। विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल की नजर अब लोकसभा चुनावों पर है।
पाटिल के अनुसार पार्टी लोकसभा चुनावों में जीत का नया रिकॉर्ड बनाएगी। 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा दोबारा अपनी प्रचंड जीत दर्ज करना चाहती है। जिसे लेकर पार्टी आगामी चुनाव के एजेंडे और रणनीतियों पर अभी से ही काम कर रही है।
इसी के तहत सुरेंद्रनगर में चल रही प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल संगठन मंत्री रत्नाकर शेट्टी और केन्द्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में लोकसभा चुनावो की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कम मार्जिन से जीते 33 विधायकों के साथ अलग से बैठक की। इस विशेष बैठक में इन विधायकों के अलावा पार्टी के 22 दूसरे कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। पाटिल ने इस बैठक में लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में मार्जिन बढ़ाने का टास्क सौंपा।
पाटिल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जहां पर हमारी लीड कम रही है, इसकी वजह का पता लगाएं और अभी से यह सुनिश्चित करें कि लोकसभा चुनावा में पार्टी को बंपर लीड मिले। पाटिल बैठक में ने पेज कमेटी और बूथ कमेटी में अंतर की जानकारी देते हुए चुनाव के मद्दे नज़र डिजिटल और सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर भी काफी सक्रिय होने की बात कही।