रांची। हेमंत सोरेन 28 नवंबर को झारखंड के नए सीएम के पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री आवास पर महागठबंधन की बैठक के बाद हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने राज्यपाल को अपने विधायकों की सूची सौंपी।
इसके बाद, राज्यपाल ने हेमंत को सरकार बनाने का न्योता दे दिया। 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। बताया जा रहा है कि पुराने फार्मूले पर ही मंत्रिमंडल का गठन होगा। पांच विधायकों पर एक को कैबिनेट में जगह मिलेगी।
इस प्रकार झामुमो के हिस्से में छह मंत्री पद होंगे तो कांग्रेस के हिस्से में चार मंत्री होंगे, राष्ट्रीय जनता दल से एक मंत्री बनेगा और वामपंथी दल अगर आग्रह करेंगे तो उन्हें भी एक मंत्री पद मिल सकता है। माले के बारे में कहा जा रहा है कि उनकी ओर से ऐसा कोई आग्रह अभी तक नहीं मिला है।
हेमंत सोरेन चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में आइएनडीआइए के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव भाग ले सकते हैं।