कांकेर में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। यह हादसा National Highway 30 पर नथिया नवागांव के पास हुआ, जहां दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतक चारामा ब्लॉक के उड़कूड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, उड़कूड़ा गांव का एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए चिवराज गांव गया था। कार्यक्रम से लौटते समय उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से टक्कर हो गई। घटनास्थल के सामने आए फोटो और वीडियो से पता चलता है कि यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र था, जहां धीमी गति से वाहन चलाने के संकेत भी लगे थे। इसके बावजूद वाहन चालकों ने लापरवाही बरती, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक Nikhil Rakhecha समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गौरतलब है कि नेशनल हाईवे-30 पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। जनवरी में इसी हाईवे पर बस और बाइक की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत हो गई थी, जबकि दो बेटियां घायल हुई थीं। इसके अलावा दो ट्रकों की टक्कर में भी तीन लोगों की जान जा चुकी है।