रांची। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दे दिया है। चंपई सोरेन अब झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। बता दें कि भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रांची में हेमंत सोरेन से बुधवार को घंटों पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तारी से पहले हेमंत सोरेन ने लोगों को दिया संदेश
झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने कल ईडी द्वारा अपनी गिरफ्तारी से पहले प्रदेश की जनता को संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संभवतः ईडी मुझे आज गिरफ्तार करेगी लेकिन मुझे चिंता नहीं है क्योंकि मैं शिबू सोरेन का बेटा हूं। संघर्ष हमारे खून में है। हम संघर्ष करेंगे और जीतेंगे। उन्होंने मुझे उन मामलों में गिरफ्तार करने का फैसला किया,जिनका मुझसे कोई संबंध नहीं है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी तक उनके पास कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने मेरे दिल्ली आवास पर छापेमारी कर मेरी छवि खराब करने की भी कोशिश की। गरीबों,आदिवासियों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ अब हमें नई लड़ाई लड़नी होगी। दलित और निर्दोष की आवाज बुलंद करनी होगी।
होने वाले सीएम चंपई सोरेन की पहली प्रतिक्रिया आई सामने
झामुमो विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद चंपई सोरेन ने कहा कि हम झारखंड के गौरव की रक्षा के लिए काम करना जारी रखेंगे। हमने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हमारे पास 47 विधायकों का समर्थन है। आपने देखा है यहां के आदिवासियों की आवाज को वर्षों से कैसे दबाया गया है।
आज झारखंड बंद का एलान
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आदिवाली संगठन ने आज झारखंड बंद करने का एलान किया है। चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।