रांची। जमीन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के जवाब पर फिर पत्र लिखा है और जल्द से जल्द समय बताने को कहा है कि कब और कहां पूछताछ होगी। दरअसल, ईडी के नौवें समन पर मुख्यमंत्री ने ED को पत्राचार कर जानकारी दी थी कि वे जल्द ही तिथि व स्थान से संबंधित जानकारी देंगे। ED ने लिखा है कि जमीन घोटाले में पूछताछ पूरा करना अनिवार्य है, इसलिए इस पर जल्द विचार कर जानकारी दें।
ED ने पत्र में स्पष्ट तौर पर 29 जनवरी से 31 जनवरी का समय देने को कहा है। समय नहीं मिलने पर ईडी ने कहा है कि वो अपने से समय तय कर पहुंच जाएगी। ईडी ने अपने से आने का समय 30 जनवरी को दिया है।
जानें क्या है मामला
CM सोरेन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। दरअसल, झारखंड में भू-माफियाओं ने अवैध तरीके से जमीन के मालिकाना हक में बदलाव किया और पूरी-पूरी जमीन हड़प ली है। ईडी मामले की जांच कर रही है। मामले में अभी तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 2011 बैच के आईएएस अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं, जो राज्य समाज कल्याण विभाग के निदेशक और रांची के उपायुक्त का पद संभाल चुके हैं।
पिछले सप्ताह हुई थी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले सप्ताह शनिवार को जमीन घोटाले मामले में मुख्यमंत्री से पूछताछ की थी। मुख्यमंत्री से पूछताछ करने ईडी दोपहर करीब एक बजे सोरेन के आवास पहुंची। यहां 7.5 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। ईडी अधिकारियों ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएम आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी कैमरों के साथ मौजूद रहे।