रांची। झारखंड सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनभागियों के महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी का एलान किया है। सीएम चंपाई सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई। बैठक में कुल 30 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
कैबिनेट की बैठक समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडलीय सचिव ने बताया कि कैबिनेट सचिव ने बताया कि 1 जनवरी 2024 के प्रभाव से महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को मिलने वाली पाठ्य पुस्तकों की राशि में बढ़ोतरी की गई। इसके मुख्यमंत्री तीर्थ योजना में 11 नए तीर्थ स्थल राज्य में और 20 तीर्थ स्थल राज्य के बाहर के जोड़े गए। वहीं दिल्ली में बनने वाले न्यू झारखंड भवन के लिए 105 करोड़ की मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत प्रशासनिक दृष्टिकोण से अनुशंसित कार्य प्रमण्डल चाईबासा के टोन्टो प्रखण्ड अधीन कुईरा से हाथीबुरु, उसीपी से बोडाम भाया मरादिरी तक पथ के लिए 37.16 करोड़ की मंजूरी दी गई। इसके अलावा चतरा-रांची पथ जबड़ा से दुनदाग तक के लिए 3.48 करोड़ की स्वीकृति दी गई। वहीं मुसाबनी-डुमरिया पथ के लिए 25.82 करोड़, रांची में डीएवी पुनदाग से डीएवी हेहल के फोन लेन के लिए 102.68 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई। वहीं दुमका के गुमरो से घासीमारनी तक सड़क निर्माण के लिए 88.95 करोड़, रानीबहाल से बलिराम तक पथ निर्माण के लिए 65.65 करोड़ की स्वीकृति दी गई।