लखनऊ। उत्तर प्रदेश इस समय देश भर के खिलाड़ियों का संगम बन गया है लेकिन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के उद्घाटन समारोह में एक बड़ा विवाद हो गया। बॉलीवुड स्टार सिंगर कैलाश खेर ने लखनऊ के बीबीडी में प्रोग्राम के दौरान आयोजनकों को जमकर लताड़ लगा दी।
कैलाश खेर ने तीखे अंदाज में कहा, ‘होशियारी दिखा रहे हो, तमीज सीखो एक घंटा हमको इंतजार कराया,क्या है यह खेलो इंडिया? ऐसे होता है, काम तो आता नहीं।’ उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया तब है, जब हम खुश होंगे, घरवाले खुश होंगे तो बाहर वाले खुश होंगे।
कैलाश खेर का गुस्सा देखकर सभी वहां दंग रह गए। सोशल मीडिया पर कुछ ट्वीट भी इसके बाद वायरल हुए, जिसमें कुछ लोगों ने लिखा कि एडवांस पेमेंट नहीं मिलने पर गुस्सा निकला है।
हालांकि बाद में कैलाश खेर ने अपने गुस्से को दरकिनार कर स्टेज पर पहुंच गए। उन्होंने कई गाने गाए। इस दौरान यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवनीत सहगल को साथ में नचाया। कैलाश खेर ने इस पर ट्वीट भी किया और लिखा, ‘धन्यवाद हमारे पीएम नरेंद्र मोदी जी खेल और संगीत को एक साथ जोड़ने की पहल कराने के लिए, दोनों विधाओं को देश में युगों युगों से हल्के में लिया जाता रहा है।’