Char Dham Yatra 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इस क्रम में Kedarnath Temple के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग 11 अप्रैल दोपहर 12 बजे से शुरू हो रही है। जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही की जा सकेगी। यह बुकिंग 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए मान्य रहेगी। टिकट बुक करने से पहले उत्तराखंड पर्यटन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। एक आईडी पर अधिकतम 6 टिकट ही बुक किए जा सकते हैं।
टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “बुक टिकट” विकल्प पर क्लिक करना होगा और दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को पहले उत्तराखंड पर्यटन पोर्टल पर पंजीकरण करना जरूरी है। इसी पंजीकरण के आधार पर आईआरसीटीसी पोर्टल पर लॉग इन कर हेलीकॉप्टर यात्रा के लिए स्लॉट बुक किया जा सकता है। हेलीकॉप्टर सेवा Guptkashi, Phata और Sersi से संचालित होती है। किराए की बात करें तो गुप्तकाशी से केदारनाथ का दो तरफ का किराया लगभग 12,762 रुपये, फाटा से 10,164 रुपये और सिरसी से 6,390 रुपये तय किया गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचने के लिए अलर्ट भी जारी किया है। फर्जी वेबसाइट, व्हाट्सएप नंबर और सोशल मीडिया ऑफर्स के जरिए धोखाधड़ी के मामले सामने आ चुके हैं। इसलिए श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही बुकिंग करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या ऑफर से बचें।