बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी लगातार जारी है और इसमें महिलाओं का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। पटना रेल पुलिस ने इस सिलसिले में एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें महिलाओं और लड़कियों को ट्रेन से शराब ले जाने के लिए लगाया जा रहा था। पुलिस ने गिरोह के कुल 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 11 महिलाएं शामिल हैं।
पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर सीमांचल एक्सप्रेस से यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में ट्रेन के कोच अटेंडेंट निखिल कुमार और अन्य 11 महिलाएं तथा 3 पुरुष तस्कर शामिल हैं। दानापुर रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन के दौरान इनके पास से 95 लीटर विदेशी शराब, 40 हजार रुपये नकद, 6 स्मार्टफोन और 5 कीपैड मोबाइल बरामद हुए। सभी आरोपियों के खिलाफ पाटलिपुत्र जंक्शन रेल थाने में मामला दर्ज किया गया और उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस की जांच के अनुसार, गिरफ्तार 11 महिलाओं में से 3 कम उम्र की हैं। इनमें बेगूसराय की रतनी देवी, शांति देवी, रेखा देवी, रीना उर्फ शबरी देवी, इंदिरा देवी, तिलिया देवी, शोभा देवी, अंजली कुमारी, नालंदा की फूलमति देवी, खुशी कुमारी और वैशाली की रुख्साना शामिल हैं। इन महिलाओं में से 7 महिला तस्कर पहले भी जेल जा चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, महिलाएं जनरल बोगी में ट्रेन टिकट लेकर सवार होती थीं और हर ट्रिप पर उन्हें 2,000 रुपये मिलते थे। शराब यूपी के दिलदारनगर से लाई जा रही थी। कोच अटेंडेंट निखिल कुमार भी तस्करों के साथ मिलकर इस कारोबार में शामिल था। पुलिस ने बताया कि महिलाएं गंगा स्नान और माघी पूर्णिमा का बहाना बनाकर चोरी-छिपे शराब ले जा रही थीं, लेकिन रेलवे सुरक्षा जांच के दौरान झोले चेक किए जाने पर गिरोह पकड़ा गया। अब गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से इनके नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।